May 19, 2026

थाना दिवस में उठा नशे और ट्रैफिक व्यवस्था का मुद्दा


बागेश्वर , गरुड ।      बैजनाथ में आयोजित थाना दिवस में युवाओं में बढ़ते नशे, अवैध शराब बिक्री और यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए काउंसलिंग बेहद जरूरी है। लोगों ने पुलिस से नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। पूर्व ग्राम प्रधान प्रकाश कोहली ने गांवों में अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की। वहीं केसी आर्या ने सुबह के समय बार खुलने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि सुबह छह बजे से ही शराब मिलने लगती है, जिससे क्षेत्र में शराबियों का आतंक बढ़ रहा है। व्यापार संघ अध्यक्ष डगोली ने कहा कि कई लोग सड़क किनारे बैठकर शराब पी रहे हैं, जिससे माहौल खराब हो रहा है। पंकज कंसेरी ने सुझाव दिया कि बार संचालक नियमों का पालन करें और बार से बाहर बोतलों में शराब देने पर रोक लगाई जाए। पूर्व प्राचार्य जीवन दुबे ने स्कूल समय के दौरान यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन की आवश्यकता बताई। वहीं ठाकुर सिंह मेहरा ने तलिहाट क्षेत्र में ग्राम प्रहरी की तैनाती और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग रखी। कोतवाल कैलाश नेगी ने बताया कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी।